Haryana AAP: हरियाणा में AAP को बड़ा झटका, दो कद्दावर नेताओं ने छोड़ी पार्टी

 
f

  Haryana AAP: हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता निर्मल सिंह और उनकी बेटी व AAP की हरियाणा इकाई की प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। 

संभावना है कि ये दोनों कांग्रेस पार्टी जॉइन करेंगे। अगर दोनों कांग्रेस में शामिल हुए तो निर्मल सिंह अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में अंबाला सिटी सीट से पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं। अभी अंबाला सिटी सीट से BJP के असीम गोयल विधायक हैं। 

इसी तरह चित्रा सरवारा अंबाला कैंट सीट से कांग्रेस की कैंडिडेट हो सकती हैं जहां से BJP के बड़े नेता और प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज चुनाव लड़ते हैं। निर्मल सिंह हरियाणा में अंबाला जिले की नग्गल सीट से 4 बार कांग्रेस के विधायक (1982, 1991, 1996 व 2005) रहे। 

बाद में डिलिमिटेशन में नग्गल सीट खत्म कर दी गई और निर्मल सिंह अंबाला सिटी सीट से चुनाव लड़ने लगे। वह हरियाणा में मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव में निर्मल सिंह अंबाला सिटी और उनकी बेटी चित्रा सरवारा अंबाला कैंट सीट से कांग्रेस टिकट के दावेदार थे मगर पार्टी ने दोनों को ही टिकट नहीं दिया। 

इस पर निर्मल सिंह और उनकी बेटी चित्रा ने निर्दलीय कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़ा। अंबाला में प्रधानजी के नाम से मशहूर निर्मल सिंह को अंबाला सिटी सीट पर 54 हजार वोट मिले और वह 19 हजार वोट से हार गए। इसी तरह अंबाला कैंट सीट पर उनकी बेटी चित्रा सरवारा ने 44 हजार वोट हासिल किए। 

विधानसभा चुनाव में हार के कुछ समय बाद दोनों ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली। निर्मल सिंह 4 बार अंबाला जिले की नग्गल सीट से विधायक रहे। कांग्रेस छोड़ने के बाद निर्मल सिंह और उनकी राजनीतिक उत्तराधिकारी चित्रा सरवारा ने हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट नाम से अपनी पार्टी बना ली।

अप्रैल 2022 में दोनों ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली। AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली स्थित अपने निवास पर दोनों को पार्टी जॉइन कराई थी। निर्मल सिंह हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के करीबी नेताओं में रहे हैं। वह हरियाणा सरकार में दो बार मंत्री रहे और एक बार कुरुक्षेत्र सीट से लोकसभा का चुनाव भी लड़े। उनकी राजनीतिक उत्तराधिकारी चित्रा सरवारा अंबाला नगर निगम में पार्षद रह चुकी हैं। इस समय वह आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई की प्रदेश उपाध्यक्ष थीं।

Tags