Haryana News: हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने केयू में किया स्वामी विवेकानंद की धातु की प्रतिमा का अनावरण

 
ds

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के फैकल्टी लॉज के प्रांगण में स्वामी विवेकानंद की धातु की प्रतिमा का अनावरण किया।

        मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद के पद चिन्हों पर चलने एवं राष्ट्र निर्माण के लिए संकल्प लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल नाम जपने या आंखो में उनको बसाने की बजाए उनके विचारों पर चलने की जरूरत है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन वाक्य के शब्दों ‘उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त ना हो जाए’ का उच्चारण कर युवाओं को उनके पदचिन्हों पर अनुसरण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा तथा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के निर्माण में योगदान के लिए ललित कला विभाग के शिक्षकों व उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

        कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं और उनकी धातु की प्रतिमा युवाओं में जोश व उत्साह बढ़ाने का कार्य करेगी ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पोर्टस हॉस्टल का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इस हॉस्टल में खिलाड़ियों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खिलाडियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कुवि को हॉकी में लगातार दूसरी बार मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्राफी(माका) मिलने पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व टीम के खिलाड़ियों व कोच को बधाई दी।

इस अवसर पर विधायक सुभाष सुधा, अतिरिक्त उपायुक्त व केडीबी के सीईओ अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र भौरिया, विहिप से दिनेश कुमार, कुवि कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अनिल वशिष्ठ सहित गणमान्य लोग मौजूद थे।

Tags