Haryana Ideathon: आइडियाथॉन हरियाणा 2023 का शुभारंभ, इस तारीख तक होंगे रजिस्ट्रेशन

 
Haryana Ideathon: आइडियाथॉन हरियाणा 2023 का शुभारंभ, इस तारीख तक होंगे रजिस्ट्रेशन

Haryana Ideathon: हरियाणा कौशल विकास मिशन द्वारा हरियाणा के आईटीआई, एचएसडीएम प्रशिक्षण केंद्रों, पॉलिटेक्निक कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों के साथ-साथ आम जनता के बीच उद्यमशीलता और स्टार्टअप विचारों को बढ़ावा देने के लिए आइडियाथॉन हरियाणा 2023 का शुभारंभ किया गया है। इसके लिए इच्छुक प्रार्थी 1 दिसंबर   तक पंजीकरण करवा सकते हैं तथा विचारों को जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2023 निर्धारित की गई है। इसके बाद विजेताओं के लिए पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी।

        इस प्रतियोगिता में वैध परिवार पहचान पत्र आईडी वाले ही भाग ले सकते है। यह एक विशेष ऑनलाइन टेक इवेंट है जिसमें 4 लाख से रुपए अधिक की पुरस्कार राशि हरियाणा के 21 विजेताओं को प्रदान की जाएगी।

        एचएसडीएम के एम.डी डॉ. विवेक अग्रवाल ने कहा कि लगातार एक महीने तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत हरियाणा के युवाओं को एक साथ लाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैं। इससे प्रार्थी अपनी रचनात्मकता और कौशल का उपयोग नवीन समाधान खोजने, वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और वास्तविक दुनिया की समस्याओं के लिए प्रोटोटाइप या समाधान विकसित करने के लिए अपने विचार दे सकते है।

        उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की 12 श्रेणियांें में प्रतिभागी अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। इनमें कृषि, किफायती और स्वच्छ ऊर्जा, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उभरती तकनीक, हेल्थटेक, क्लीनटेक, गतिशीलता, शिल्प और स्थिरता, स्वच्छ जल और स्वच्छता, उपभोक्ता और उद्यम प्रौद्योगिकी और अच्छा स्वास्थ्य और कल्याण शामिल हैं। प्रतिभागी एकल या टीम के रूप में कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करवा सकते है और उन्हें अपने विचारों को 5 से अधिक स्लाइडों के पिच डेक और 2 मिनट के वीडियो पिच के साथ जमा करना होगा।

        प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण और विचारों को जमा करवाने बारे किसी भी प्रश्न या सहायता के लिए प्रतिभागी हरियाणा कौशल विकास मिशन के कॉल सेंटर पर सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक मोबाईल नम्बर 7341197533, 9875990224 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी आइडियाथॉन हरियाणा की वेबसाइट https://ideathonharyana.in पर  भी सम्पर्क कर सकते हैं।

Tags