Haryana News: हरियाणा में विकसित भारत संकल्प यात्रा का जन - जन कर रहा अभिनन्दन, सरकारी योजनाएं पहुंच रही हैं आम जनता तक

 
grd

Haryana News: विकसित भारत संकल्प यात्रा हरियाणा के जन - जन तक पहुँच रही है। प्रदेश में इस यात्रा ने हर गांव और हर नगर का दरवाज़ा खटखटाया है और नागरिकों द्वारा इस यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है। यह यात्रा एक एक व्यक्ति तक समस्याओं का समाधान लेकर चली है और अपने लक्ष्य को हासिल कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार, प्रसार करने के साथ साथ उन्हें नागरिकों के घर द्वारे तक लेकर आई है। गांवों और नगरों के लोग जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर रहे हैं जिससे उनकी हर समस्या को मौके पर ही सुलझाया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान मौके पर ही भिन्न - भिन्न स्टॉल्स पर आम जनता की समस्याओं की सुनवाई हो रही है। अधिकारी लोगों की हर समस्या का समाधान करने के लिए दिन रात प्रयासरत हैं। इस दौरान अब तक दो लाख से अधिक लोगों को निरोगी हरियाणा के अंतर्गत जाँचा जा चुका है। करीब 99 हज़ार लोगों ने परिवार पहचान पत्र के लिए आवेदन किया है और 19 हज़ार दे अधिक स्वामित्व कार्ड बांटे जा चुके हैं। ढाई लाख से अधिक लोगों को टी.बी. के लिए जांचा जा चुका है। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल इस यात्रा की प्रोग्रेस रिपोर्ट स्वयं देख रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारी लगातार मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के संपर्क में हैं। सभी 22 जिलों के गांवों और नगरों में जैसे विकसित भारत स्वप्न की ब्यार चल पड़ी है।

प्रदेश के लिए यह यात्रा अब एक उत्सव का रूप ले चुकी है। ऐसा लग रहा है मानो स्थान - स्थान पर समस्याओं के निदान के मेले लगे हुए हैं। आम जनता इस सुविधा का ज़ोरो शोरो से लाभ लेती दिखाई पड़ रही है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की शपथ लेते गांव - नगर के लोग एक आंदोलन जैसा दृश्य उकेरते दिख रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्वयं लोगों तक समस्याओं के समाधान लेकर पहुंच रहे हैं। प्रदेश के 22 जिलों में यह यात्रा तेज़ी से अपनी मंज़िल तय कर रही है। अम्बाला जिले में अब तक सबसे अधिक 272 ग्राम पंचायतों और वार्डों में यह यात्रा पहुंची है। उसके बाद कुरुक्षेत्र जिले में 235 स्थानों पर यात्रा पहुंची है और फतेहाबाद जिले में 203 स्थानों पर यह यात्रा पहुंची है। सरकार ने प्रदेश में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को घर के द्वार तक पंहुचा दिया है। करीब 11 लाख से अधिक पुरुष इस यात्रा में भाग ले चुके हैं। इस दौरान प्रतिभावान छात्रों, महिलाओं और खिलाडियों का सम्मान हो रहा है। सरकार की इस पहल से जन - जन में ख़ुशी की लहर है।              


 केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा हरियाणा के जिला सिरसा के गांव मेहनाखेड़ा, चिलकनीढाब, साहुआला द्वितीय, ताजियाखेड़ा, बुढाभाणा, किराड़कोट, अहमदपुर दारेवाला, गोदिकां पहुंची। आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथियों ने ग्रामीणों को विकसित भारत की शपथ दिलाई। सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल ने गांव बुढाभाणा में बतौर मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए समाधान कराया। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को विकास की पंक्ति में आगे खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवार का आर्थिक उत्थान करना है। उन्होंने दोहराया कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने नौ वर्ष से ज्यादा के कार्यकाल में जितने भी विकास कार्य किए हैं उन योजनाओं का लाभ लोगों को इस यात्रा के माध्यम से घर पर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा जन संवाद कार्यक्रम से गांव-गांव आमजन को जहां योजनाओं का लाभ मिल रहा है, वहीं सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है। वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को पूरा करने की दिशा में प्रधानमंत्री निरंतर कार्यरत है।

सांसद ने ग्रामीणों को विकसित भारत की शपथ दिलार्ई। उन्होंने स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए कहा कि इस यात्रा के दौरान नागरिकों को उनके घर द्वार पर जाकर सरकार सेवाएं दे रही है। इस तरह से अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा। आयुष्मान भारत, चिरायु कार्ड, जन-धन खाता, हर घर नल से जल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत जैसी अनेक योजनाएं हैं जिन्हें इस यात्रा के जरिए जनता के समक्ष रखा जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभाग योजनाओं के लिए पंजीकरण भी करवा रहे हैं। गांवों में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सीएससी, जिला समाज कल्याण विभाग, कल्याण विभाग सहित जिला प्रशासन के अन्य विभागों ने अपनी स्टॉल्स लगाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग की ओर से यहां चिकित्सा कैंप लगाए गए। संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान गांवों में ग्रामीणों ने देखा कि एक ड्रोन का उपयोग कृषि कार्य में किस प्रकार से किया जा सकता है। ड्रोन के द्वारा फसल में दवाई का छिडकाव हो सकता है। इस ड्रोन का फायदा है कि किसान को फसल के बीच जाने की आवश्यकता नहीं है और दवाई का फसल के पत्तों पर सही ढ़ंग से छिडक़ाव होता है। साथ ही पानी और समय की बचत होती है।

विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने सरकार की अलग-अलग योजनाओं की खासियत बताई। उन्होंने अपनी कहानी बताते हुए नागरिकों को समझाया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब किसी दफ्तर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं बल्कि अधिकतर योजनाएं व सेवाएं अब सरल हरियाणा पर ऑनलाइन उपलब्ध है। नागरिक अपने खुद के मोबाइल या कंप्यूटर अथवा किसी भी नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर योजनाओं के लिए आवेदन कर सकता है। योजनाओं का लाभ लेना अब बहुत ही आसान हो गया है।

हरियाणा सरकार के सहकारिता एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने यानी वर्ष 2047 में भारत ‘आत्मनिर्भर और विकसित’ राष्ट्र होने का गौरव प्राप्त करेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भारत को ‘आत्मनिर्भर और विकसित’ राष्ट्र बनाने का विजन दिया है। उन्होंने कहा कि अगले 24 साल यानी वर्ष 2047 तक भारत की तरक्की का रास्ता कैसे तय होगा, इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी योजना का खाका सामने रख दिया है। सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल रविवार को बावल विधानसभा के गांव गांव भांडौर में यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत करने उपरांत उपस्थित लोगों से सीधा संवाद कर रहे थे। इससे पहले गांव भांडौर में पहुंचने पर सहकारिता मंत्री डा बनवारी लाल ने ग्राम ज्ञान केन्द्र का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को ‘आत्मनिर्भर और विकसित’ देश के रूप में दुनिया के सामने लाने के लिए भारत का विजन डॉक्यूमेंट पेश किया जा चुका है और देशभर में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ कार्यक्रम निर्बाध रूप से जारी हैं।

सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि युवा पीढ़ी इस समय अपनी ऊर्जा के माध्यम से देश को आगे ले जाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आजादी मिलने के समय जिस तरह युवा जोश ने देश को आगे बढ़ाया, ठीक उसी तरह अब युवाओं का लक्ष्य और संकल्प एक ही होना चाहिए कि भारत ‘आत्मनिर्भर और विकसित’ देश कैसे बनेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को भारत को 2047 तक ‘आत्मनिर्भर और विकसित’ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आउट ऑफ द बॉक्स यानी अपने दायरे से बाहर जाकर सोचना होगा। उन्होंने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के दौरान विभिन्न स्टॉल व प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ‘हमारा संकल्प-विकसित भारत’ का संकल्प दिलाया। डा. बनवारी लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के प्रयासों से देश-प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का दौर शुरू हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप समाज के जरूरतमंद व्यक्तियों को घर बैठे सरकार की ‘अंत्योदय’ व जनकल्याण को समर्पित योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रहे लोगों को लाभान्वित करने में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ‘अंत्योदय’ के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। लाभार्थियों को एक ही स्थान पर योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान ‘मेरी कहानी-मेरी जुबानी’ के माध्यम से अपने अनुभव साझा करते हुए लाभार्थियों ने सरकार की अंत्योदय व गरीब कल्याण व उत्थान को समर्पित योजनाओं की दिल खोलकर सराहना की। लाभार्थियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने देश-प्रदेश में अंत्योदय व गरीब कल्याण और उत्थान से संबंधित योजनाएं चलाकर ‘अंत्योदय’ के सपने करने के साथ-साथ गरीबों को समाज की मुख्यधारा में  लाने का काम किया है। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को गरीब हितैषी बताते हुए सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ देने के लिए उनका दिल से आभार व्यक्त किया।

Tags