Haryana Weather Alert: हरियाणा में आज भी कोहरे से राहत नहीं, कई जगह विजिबिलिटी रही जीरो मीटर, विभाग ने जारी किया घने कोहरे का रेड अलर्ट

 
ca
 

Haryana Weather Alert: हरियाणा में कुछ घंटों की राहत के बाद शाम होते ही फिर से घना कोहरा छाने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में बहुत घने कोहरे (Very Dense Fog) की चेतावनी जारी की है। फिलहाल रात को गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, कोसली, मातनहेल, झज्जर, बहादुरगढ़, बेरी खास, सांपला, रोहतक, खरखौदा, सोनीपत, महम, गोहाना में बहुत घना कोहरा रहने का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कोहरा छाना शुरू हो गया है।

कुछ इलाकों में तो विजिबिलिटी 50 मीटर से नीचे रिकॉर्ड हो रही है। पानीपत में रात 10 बजे 5 मीटर दूर से भी नहीं दिख रहा था। अगले कुछ घंटों में इसके और गहरा होने के आसार बने हुए हैं। इनके अलावा अन्य जिलों में भी रात भर हालात खराब रहने वाले हैं। साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 24 घंटे के दौरान फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत में अधिकतर स्थानों पर घना कोहरा रहेगा।

28 दिसंबर की सुबह जन जीवन प्रभावित होने के आसार हैं। गुरुवार को कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर विजिबिलिटी 0 रहने की संभावना जताई जा रही है।

1 जनवरी तक ऐसा रहेगा प्रदेश का मौसम

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बुधवार को बताया कि हरियाणा राज्य में 31 दिसंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। कल 28 दिसंबर को भी सुबह के समय धुंध रहने और रात्रि तापमान में गिरावट संभावित है। परंतु पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 29 दिसंबर से 31 दिसंबर के दौरान राज्य में बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने व हवाएं चलने की भी संभावना है।

उन्होंने बताया कि मौसम परिवर्तनशील रहने से इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद 1जनवरी से मौसम आमतौर पर खुश्क तथा सुबह के समय धुंध छाएगी।

बुधवार को दिन भर रहा कोहरा

आज बुधवार को लगातार तीसरे दिन प्रदेश घने कोहरे की चपेट में रहा। दोपहर के समय कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते ही कोहरे ने फिर से पांव फैलाने शुरू कर दिए। सुबह साढ़े10 बजे तक भी कोहरा पूरी तरह से छट नहीं पाया। सुबह 5 बजे तो राजस्थान व पंजाब से सटे कई जिलों में इतना कोहरा था कि 5 मीटर दूर से भी कुछ नही खाई दे रहा था। वहीं IMD चंडीगढ़ ने जानकारी दी कि साढ़े 8 बजे हिसार, करनाल, सिरसा व भिवानी में विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर रही। वहीं अंबाला में यह 20 से 200 मीटर तक रिकॉर्ड हुई।

हरियाणा का अंबाला व हिसार 5.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडे रहे। हिमाचल में शिमला का तापमान इन दोनों शहरों से ज्यादा 7.6 डिग्री रहा। साढ़े 10 बजे तक भी सोनीपत समेत बहुत से क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा।

घने कोहरे की वजह से ट्रेनें देरी से चल रही हैं और जीटी रोड व अन्य हाईवे पर वाहन रेंग कर चल रहे हैं। खेतों में भी घना कोहरा दिखाई पड़ रहा है। लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह के समय संभल कर चलें। बहुत जरूरी होने पर ही सुबह के समय घरों से निकलें।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दो दिन तक प्रदेश में हालात नहीं बदलने वाले हैं। कुछ जिलों में घना कोहरा तो कुछ में बहुत घना कोहरा छाने के आसार हैं। मौसम आमतौर पर खुश्क बना रहेगा। ठंड से भी राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तो कोहरा 10 से 11 बजे तक छा रहा है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। महेंद्रगढ़ व आसपास में रात ठंडी तो दिन गर्म रहा।

सुबह 6 बजे तक इन क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रात को दो बजे से सुबह 6 बजे तक चरखी दादरी, भिवानी, तोशाम, बहादुरगढ़, बेरी खास, संपला, रोहतक, सिवानी, बवानी खेड़ा, हांसी, हिसार, आदमपुर, नारनौंद, नाथूसरी चोपटा, ऐलनाबाद, फतेहाबाद, रानिया, खरखौदा, सोनीपत, गन्नौर, समालखा, बापौली, घरौंडा, करनाल, महम, गोहाना, जुलाना, इसराना, सफीदों, जींद, पानीपत, असंध, कैथल, नीलोखेड़ी, नरवाना, सिरसा, टोहाना, कलायत, रतिया, डबवाली, थानेसर, गुहला, पेहोवा व अंबाला में हालात बेहद खराब बने रहे।

Tags